मखाना खेती और प्रसंस्करण से खुलेंगे उद्यमिता के नए द्वार, चार राज्यों के किसानों ने सीखी तकनीक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मखाने की खेती और उसके प्रसंस्करण के जरिए उद्यमिता को नई गति मिलने की प्रबल संभावना है। राज्य सरकार की प्रोत्साहन नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ जल्द ही मखाना उत्पादक प्रमुख राज्यों में अपनी पहचान बना सकता है। यह विचार रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साझा किए। यह आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड और छत्तीसगढ़ शासन के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय के संयुक्त सहयोग से किया गया था।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा से आए किसानों ने मखाने की आधुनिक खेती से जुड़ी बारीकियों को समझा। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को मखाने के पोषण मूल्य, व्यावसायिक खेती के तरीकों, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, उद्यमिता के अवसरों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा, किसानों और कृषि विद्यार्थियों के लिए मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, साथ ही किसानों के सवालों के जवाब दिए गए।
इस दो दिवसीय आयोजन का समापन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने किया। समापन सत्र में छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, कुलसचिव डॉ. कपिलदेव दीपक, अनुसंधान संचालक डॉ. वी.के. त्रिपाठी, विस्तार निदेशक डॉ. एस.एस. टूटेजा, कृषि महाविद्यालय रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे, समन्वयक डॉ. घनश्याम साहू, सह-समन्वयक डॉ. गजेंद्र चंद्राकर और आमंत्रित मखाना विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
‘सुपर फूड’ के रूप में बढ़ती पहचान और बाजार
विशेषज्ञों ने कहा कि अपने पोषक तत्वों के कारण मखाना आज वैश्विक स्तर पर ‘सुपर फूड’ के रूप में पहचान बना रहा है और सेहत के प्रति जागरूक लोगों में खासा लोकप्रिय है। यह एक जलीय फसल है, जिसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, कैल्शियम, फॉस्फोरस, पोटैशियम, मैग्नीशियम और आयरन जैसे तत्व पाए जाते हैं। कम वसा और ग्लूटेन-फ्री होने के कारण यह स्वास्थ्यवर्धक विकल्प माना जाता है। भुने हुए मखाने के पारंपरिक उपयोग के अलावा इससे खीर, मिठाई, आटा, पाउडर, फ्लेवर्ड स्नैक्स और अन्य मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। सेहतमंद खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग से देश और विदेश—दोनों बाजारों में इसकी संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
जलक्षेत्रों का सदुपयोग और ग्रामीण रोजगार
विशेषज्ञों के अनुसार, अन्य फसलों के विपरीत मखाना एक जलीय फसल है जिसे तालाबों, जलाशयों और उथले जल वाले क्षेत्रों में उगाया जा सकता है। इससे ऐसे जलस्रोतों का बेहतर उपयोग हो पाता है, जिनका पारंपरिक खेती में सीमित इस्तेमाल होता है। मखाना उत्पादन के साथ-साथ बीज तैयार करने, सफाई, ग्रेडिंग, पॉपिंग, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बिक्री से जुड़े कार्यों से गांवों में रोजगार और अतिरिक्त आय के रास्ते खुल सकते हैं। इन गतिविधियों में महिला स्व-सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) की भागीदारी अहम साबित हो सकती है।
राष्ट्रीय परिदृश्य और छत्तीसगढ़ में पहल
भारत दुनिया के प्रमुख मखाना उत्पादक देशों में शामिल है, जहां बिहार सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, मणिपुर, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी इसकी खेती का दायरा बढ़ रहा है। बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन के साथ प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में मखाना एक उभरती हुई व्यावसायिक फसल के रूप में देखा जा रहा है, जिसे राज्य के तालाबों और उथले जल क्षेत्रों का लाभ मिल सकता है। प्रदेश सरकार की मखाना विकास योजना के तहत धमतरी, बालोद, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में इसकी खेती बढ़ाने की शुरुआत की गई है। किसानों के तालाबों और खेतों में उत्पादन के साथ बेहतर गुणवत्ता वाले बीज तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है, वहीं किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को इस क्षेत्र से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।
















