छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा का कायाकल्प : बजट 42% बढ़कर 1,816 करोड़ पहुंचा, तीन साल में खुले 13 नए सरकारी कॉलेज

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुलभ, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए तेज़ी से काम कर रही है। गुरुवार को नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल से लैस कर आत्मनिर्भर बनाना है।

मंत्री श्री वर्मा ने वित्तीय प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि उच्च शिक्षा विभाग का बजट वर्ष 2023-24 के 1,277 करोड़ रुपए से बढ़कर 2026-27 में 1,816 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जो करीब 42 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर

प्रदेश में जुलाई 2024 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू कर पाठ्यक्रमों में भारतीय ज्ञान परंपरा को जोड़ा गया है। वर्तमान में राज्य का सकल नामांकन अनुपात (GER) 24.8 प्रतिशत है। शिक्षा और उद्योगों के बीच की दूरी कम करने के लिए ‘इंटर्नशिप नीति-2026’ तैयार की गई है। इसके तहत स्नातक छठवें सेमेस्टर के छात्रों को विभिन्न संस्थानों या उद्योगों में 60 घंटे की इंटर्नशिप करनी होगी। इसके सफल संचालन हेतु कॉलेजों में इंटर्नशिप सेल बनाए जा रहे हैं और प्राचार्यों व कुलसचिवों का प्रारंभिक ऑनलाइन प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है।

आदिवासी क्षेत्रों के छात्रों के लिए अंग्रेजी संवाद कौशल

ग्रामीण और जनजातीय पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने के लिए राज्य के 148 सरकारी कॉलेजों में 90 घंटे का विशेष ‘अंग्रेजी कम्युनिकेशन कोर्स’ चलाया जा रहा है। इसमें 10 हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिन्हें दैनिक बोलचाल और व्यावहारिक अंग्रेजी का अभ्यास कराया जा रहा है।

बुनियादी ढांचे का विस्तार और नए संस्थानों की स्थापना

शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए 84 कॉलेजों के भवन निर्माण हेतु 418.25 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 13 कॉलेजों में छात्रावास, 33 में अतिरिक्त कक्ष, 10 में बाउंड्रीवॉल और 50 कॉलेजों में नए शौचालयों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। बलरामपुर के सरकारी कॉलेज में ऑडिटोरियम और रायपुर के साइंस कॉलेज में बॉटनिकल गार्डन भी विकसित किया जाएगा।

पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से बीते तीन वर्षों में 13 नए शासकीय महाविद्यालय खोले गए हैं, जिनमें वर्ष 2026-27 में कंतेली (मुंगेली), बेंद्री (रायपुर), करेलीबाड़ी (धमतरी), सुहेला (बलौदाबाजार) और नवा रायपुर का संगीत महाविद्यालय शामिल है। इन संस्थानों के लिए 391 नए पद सृजित हुए हैं और कुल 3,356 नई सीटों की अनुमति दी गई है। वहीं, निजी क्षेत्र में भी विस्तार करते हुए 43 नए अशासकीय कॉलेजों को मान्यता दी गई है और रायगढ़ के बटमूल आश्रम महाविद्यालय को 80 प्रतिशत स्थापना अनुदान मंजूर किया गया है।

रिकॉर्ड पदोन्नतियां और शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया

विभाग ने लंबे समय से अटकी पदोन्नतियों को गति देते हुए 364 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक और 151 प्राध्यापकों को स्नातक प्राचार्य के पद पर पदोन्नत किया है। प्राचार्य के 151 अन्य पदों के लिए 293 नामों का प्रस्ताव लोक सेवा आयोग (CGPSC) को भेजा गया है। इसके साथ ही प्राध्यापकों के 595 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जारी है, जबकि 260 लैब तकनीशियन और 430 लैब परिचारकों की भर्ती पूरी की जा चुकी है। शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए 577 पीएचडी की अनुमतियां भी जारी की गई हैं।

विश्वविद्यालयों को अनुदान और केंद्रीय योजनाओं की प्रगति

राज्य के नौ सरकारी विश्वविद्यालयों को चार वर्षों के भीतर 255.56 करोड़ रुपए का स्थापना और 9.41 करोड़ रुपए का पूंजीगत अनुदान दिया गया है। बस्तर, रायगढ़ और दुर्ग विश्वविद्यालयों में नए शिक्षण विभाग तथा रायपुर के पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में फॉरेंसिक साइंस व वाणिज्य की अध्ययनशालाएं खोलने की मंजूरी मिली है। इसके अलावा, ‘रूसा’ (RUSA) के तहत 86 संस्थानों में 400 करोड़ रुपए की परियोजनाएं चल रही हैं, जिन्हें मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है, वहीं ‘पीएम-उषा’ योजना के तहत 21 संस्थानों में विकास कार्य प्रगति पर हैं।

डिजिटल पारदर्शिता और अनुशासनात्मक सख्ती

प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए ‘एचई ऑनलाइन’ (HE Online) पोर्टल, ई-ऑफिस प्रणाली और छात्रों की सुविधा के लिए ‘ई-ज्ञानार्जन’ मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा है। मंत्री श्री वर्मा ने साफ किया कि व्यवस्था में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी; शिकायतों के आधार पर अब तक 13 अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित किया गया है और 9 के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी सुधार विकसित छत्तीसगढ़ की नींव को मजबूत करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button