बापू और शास्त्री जी को मुख्यमंत्री साय ने दी श्रद्धांजलि : नई दिल्ली में सादगी और सेवा के संदेश को किया याद

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में आयोजित इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों महान विभूतियों की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए सत्य, अहिंसा और करुणा के रास्ते ने पूरी दुनिया को शांति व आपसी भाईचारे की सीख दी। गांधीजी का दर्शन समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और देश को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देता है। उनका व्यक्तित्व हमें सदैव सही राह पर चलते हुए देशहित में कार्य करने की ऊर्जा देता है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सादगी से भरा जीवन, अनुशासित नेतृत्व और देशप्रेम हर नागरिक के लिए अनुकरणीय है। शास्त्री जी का ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा आज भी देश की सरहदों की रक्षा करने वाले सैनिकों और अन्नदाताओं के प्रति हमारे सम्मान व समर्पण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि इन दोनों महान नेताओं का जीवन और उनके सिद्धांत राज्य सरकार को जनसेवा, सुशासन और जन-कल्याण के लक्ष्यों को प्राप्त करने की निरंतर प्रेरणा प्रदान करते हैं।
















