छत्तीसगढ़

बीजापुर के महादेव तालाब में वन मंत्री केदार कश्यप ने किया श्रमदान, ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत दिया स्वच्छता का संदेश

रायपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के वन एवं प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर स्थित ऐतिहासिक महादेव तालाब की सफाई कर श्रमदान किया। इस स्वच्छता अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्रों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया।

सफाई अभियान के दौरान महादेव तालाब में उगी जलकुंभी और अन्य कचरे को बाहर निकाला गया। इस अवसर पर वन मंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और सार्वजनिक स्थलों तथा अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छता में जनभागीदारी अहम

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि किसी भी क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जल निकायों और सार्वजनिक स्थलों का रखरखाव हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से किया गया एक छोटा सा प्रयास भी स्वच्छता को एक बड़े जनआंदोलन में बदल सकता है।

स्वच्छाग्रही महिलाओं का सम्मान

कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही महिलाओं (दीदियों) को मंत्री केदार कश्यप ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके समर्पण की सराहना करते हुए समाज को जागरूक करने का कार्य जारी रखने का प्रोत्साहन दिया। इसके अलावा नगरपालिका की स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता और पीपीई किट वितरित की गईं।

इस आयोजन में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी सहित जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button