मंदसौर में विकास की बयार : औषधीय खेती, 8-लेन एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से संवर रहा जिला

भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मंदसौर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदसौर जिला कृषि और औषधीय फसलों के दम पर तरक्की की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए सरकार द्वारा कई बड़े प्रोजेक्ट्स और सौगातें दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि मंदसौर को 8-लेन एक्सप्रेस-वे, गांधी सागर चीता प्रोजेक्ट और पशुपतिनाथ लोक जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिल चुकी हैं। इसके अलावा, आने वाले दिनों में मंदसौर और नीमच को एयरपोर्ट सुविधा तथा सीधी बस परिवहन सेवा के जरिए भोपाल से जोड़ा जाएगा।
खेती-किसानी और पशुपालन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदसौर के किसान आज आधुनिक तकनीक अपनाकर औषधीय फसलों की शानदार खेती कर रहे हैं। ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के तहत मंदसौर के प्रसिद्ध लहसुन की ब्रांडिंग राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। किसानों को राहत देते हुए अब सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें रात के समय खेतों में पानी देने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में नई दुग्ध समितियां बनाई जा रही हैं। ऑर्गेनिक दूध और घी के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है और दुग्ध उत्पादन में 12 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक की वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए यह भी घोषणा की कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा।
सांसद और स्थानीय नेताओं की उपस्थिति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सिंचाई योजनाओं के बजट में भारी बढ़ोतरी की गई है और वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ घोषित किया गया है। महोत्सव के दौरान क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया और कृषि से जुड़ी एक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, उपाध्यक्ष डॉ. मनुप्रिया यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित अपेक्स बैंक के चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव और अन्य गणमान्य अतिथि व बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
















