मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 : देश-दुनिया तक पहुंचेगी राज्य की अनकही विरासत, इन्फ्लुएंसर्स से मुखातिब हुए सीएम मोहन यादव

भोपाल (एजेंसी)। भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (एमपीटीएम) 2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश भर से आए लगभग 200 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से सीधा संवाद किया। इस राष्ट्रीय स्तर की मीट का मुख्य उद्देश्य राज्य की ऐतिहासिक धरोहर, वन्यजीव संपदा और सांस्कृतिक विविधता को डिजिटल माध्यमों से वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में रानी दुर्गावती के बलिदान, भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता और विलुप्तप्राय चीतों की सफल बसाहट का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे नए प्रयासों की जानकारी दी, जिसमें उज्जैन में एक पुराने स्कूल भवन को सम्राट विक्रमादित्य होटल में बदलने और भोपाल के भोजताल में श्रीनगर की तर्ज पर शिकारे के संचालन जैसे अनूठे नवाचार शामिल हैं।

फिल्म निर्माण और पर्यटन का नया केंद्र बन रहा प्रदेश

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी. ने बताया कि राज्य को सिर्फ फिल्म शूटिंग ही नहीं, बल्कि पोस्ट-प्रोडक्शन सहित संपूर्ण फिल्म निर्माण का हब बनाने के लिए अनुकूल इको-सिस्टम तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद प्रसिद्ध शेफ रणवीर बरार, अभिनेता अमित सियाल और कंटेंट क्रिएटर्स ने माना कि प्रदेश की असली खूबसूरती को जानने के लिए यहां के स्थानीय लोगों से जुड़ना और उनकी कहानियों को समझना बेहद जरूरी है।

हैंडलूम फैशन शो और सम्मान समारोह

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की परियोजना के तहत प्राणपुर, महेश्वर, कुक्षी, धार, केरियाखेड़ी और भैरवगढ़ के पारंपरिक शिल्प और हथकरघा को आधुनिक फैशन के साथ प्रदर्शित करते हुए एक विशेष फैशन शो का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों और उनके उत्पादों को डिजिटल क्रिएटर्स के जरिए व्यापक राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button