छत्तीसगढ़ सरकार बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों पर चलकर कर रही है प्रदेश का विकास : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। भण्डारपुरी धाम में आयोजन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आरंग विकासखंड के भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए।
सड़क विकास कार्यों की सौगात: कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपए की लागत वाले तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण और नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया। युवाओं के लिए पहल: सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी शिक्षा में आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग में सीटें 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं।
विकास घोषणाएं: स्थानीय स्तर पर शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चार बड़े निर्माण कार्यों के साथ 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम बनवाने की घोषणा की गई।
रायपुर के आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ के प्रमुख आस्था केंद्र भण्डारपुरी धाम में गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुगद्दी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्त्रोत है। प्रदेश सरकार उनके बताए सत्य, अहिंसा, समरसता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
सड़कों के विकास और नई घोषणाएं
क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने लगभग 28 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत वाले तीन सड़क प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग का चौड़ीकरण, नरदहा का आंतरिक मार्ग निर्माण और छतौना से लखौली तक का डामर नवीनीकरण कार्य शामिल है।
इसके अलावा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर खमतराई में हाई स्कूल भवन (75 लाख रुपए), ओड़का में प्राथमिक शाला भवन (30 लाख रुपए), मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में निर्माण कार्य (1 करोड़ रुपए) और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय भवन (85 लाख रुपए) के निर्माण की घोषणा की गई। साथ ही, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 जगहों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाने का ऐलान किया गया।
कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक इंद्र कुमार साहू, विधायक रोहित साहू सहित सतनामी समाज के संतगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















