छत्तीसगढ़

नई पीढ़ी पर्यावरण और जल संरक्षण में निभाए अहम भूमिका : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर। लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से पर्यावरण और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है, जिसमें युवा वर्ग अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संतुलन के लिए एक बेहतरीन पहल बताया।

1122 युवाओं को मिला राज्य पुरस्कार

समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की। इस गरिमापूर्ण आयोजन में राज्यपाल ने प्रदेश भर से चुने गए कुल 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को सम्मानित किया। इनमें 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स शामिल रहे।

राज्यपाल ने बस्तर क्षेत्र से पहुंचे प्रतिभागियों की उपस्थिति पर विशेष प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति बहाल होने के बाद युवा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; केवल कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और समय की सही पहचान से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

अनुशासन और सेवा का पाठ पढ़ाती है स्काउटिंग

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट्स-गाइड्स की वर्दी अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। इससे जुड़ने वाला हर व्यक्ति आजीवन समाज सेवा के भाव से कार्य करता है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष सम्मान

समारोह के दौरान स्काउटिंग के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले सेवाविदों और प्रभारियों को भी सम्मानित किया गया:

सर्वश्रेष्ठ स्काउटर: योगेश्वर प्रसाद गांगुली (बालोद)

सर्वश्रेष्ठ गाइडर: तनुजा बंजारे और लता वैष्णव (महासमुंद)

सर्वश्रेष्ठ रोवर: राजमणि बंजारे एवं चंद्रशेखर पंकज

सर्वश्रेष्ठ रेंजर: कुमारी विभूति वर्मा एवं कुमारी कृति बिजौर

सर्वश्रेष्ठ स्काउट: ईश साहू, हरीश कुमार खोटे एवं राजवीर भट्ट

सर्वश्रेष्ठ गाइड: दिव्या पटेल एवं दीप्ति पटेल

इसके अलावा, लंबे समय तक समर्पित सेवाएं देने वाले शैलेंद्र मिश्रा, आनंद राम बघेल, पवन कुमार नायक, विनोद कुमार हथेल, शशि बंछोर और रजनी रेड्डी को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में ‘पीपिंग सेरेमनी’ का आयोजन भी हुआ, जिसके तहत लोकभवन में पदस्थ एडीसी उदित पुष्कर (आईपीएस) को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव अमित कुमार क्षत्रिय सहित विभाग और संगठन के कई वरिष्ठ अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button