अंकों की दौड़ नहीं, अपनी काबिलियत के अनुसार चुनें राह : ओ.पी. चौधरी

भिलाई। कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिक उत्सव में शिरकत करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को जीवन व करियर से जुड़े अहम सुझाव दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विद्यार्थी की काबिलियत को केवल परीक्षा के प्राप्तांकों या कक्षा की रैंकिंग के तराजू पर नहीं तौलना चाहिए। हर बच्चे में कोई न कोई खास हुनर मौजूद होता है, जिसे पहचान कर तराशने की जरूरत है। उनके अनुसार, जीवन की असली सफलता के लिए अंकों से ज्यादा आत्मविश्वास, धैर्य, लगन और हार से सीख लेने की प्रवृत्ति जरूरी है।
बदलते दौर में युवाओं के लिए नए रास्ते
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि मौजूदा समय में देश के भीतर युवाओं के सामने संभावनाओं का दायरा काफी विस्तृत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब वह समय पीछे छूट चुका है जब युवाओं को सिर्फ पारंपरिक सरकारी नौकरियों की दिशा में ही आगे बढ़ाया जाता था। आज स्पोर्ट्स, कला, संस्कृति, एजुकेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और बिजनेस जैसे कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने के विकल्प मौजूद हैं। युवाओं को चाहिए कि वे इन मौकों को समझें, उनका लाभ उठाएं और अपनी रुचि के मुताबिक सही रास्ता चुनें।
अभिभावकों और शिक्षकों की अहम जिम्मेदारी
वित्त मंत्री ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों पर अव्वल या टॉपर आने का अनावश्यक बोझ न डालें, बल्कि उनकी सहज पसंद और काबिलियत को परखें। उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने की आजादी और मौका दें। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर की क्षमता को बाहर लाने और उनमें भरोसा जगाने में परिवार व शिक्षकों की बड़ी भूमिका है। यदि बच्चों को किसी मोड़ पर असफलता मिलती है, तो उन्हें हतोत्साहित करने के बजाय उस अनुभव से सबक लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
गांव से प्रशासन और राजनीति तक का सफर
अपने विद्यार्थी काल और संघर्षों की कहानी साझा करते हुए श्री चौधरी ने बताया कि वे एक छोटे गांव से निकलकर आगे की पढ़ाई के लिए भिलाई पहुंचे थे। आठ साल की उम्र में ही उनके पिता का साया सिर से उठ गया था। चौथी कक्षा तक पढ़ी उनकी मां ने विषम हालात में उनका पालन-पोषण किया और पढ़ाई जारी रखने का हौसला दिया। तमाम मुश्किलों के बीच उन्होंने अपनी मेहनत जारी रखी और महज 22 वर्ष की आयु में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की परीक्षा उत्तीर्ण की। करीब 13 वर्ष तक प्रशासन में रहते हुए उन्होंने रायपुर, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा समेत कई जिलों में कलेक्टर व अन्य जिम्मेदार पदों पर काम किया, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन व राजनीति में कदम रखा।
अपने अनुभवों के जरिए उन्होंने छात्रों को यह संदेश दिया कि विपरीत हालात के बावजूद पक्के इरादे, लगातार मेहनत और खुद पर भरोसे के दम पर बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के बढ़ते विकल्प
प्रदेश में शैक्षणिक माहौल और अवसरों का जिक्र करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के साथ-साथ निफ्ट (NIFT), नाइलेट (NIELIT) और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) जैसे संस्थानों की मौजूदगी से युवाओं को उच्च शिक्षा व करियर के नए द्वार मिल रहे हैं।
उन्होंने भिलाई और पूरे प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाने, आधुनिक जरूरतों के हिसाब से नए कोर्स शुरू करने और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा ग्रुप की पहल की तारीफ की।
इस आयोजन में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान के साथ स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
















