
लेखक: धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गांवों और जंगलों से सटे इलाकों में रसोई का माहौल अब तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक तौर पर लकड़ी, कोयले और गोबर के कंडों से जलने वाले चूल्हों की जगह अब एलपीजी गैस ने ले ली है। इससे घर के भीतर धुएं का असर कम हुआ है और महिलाओं के साथ-साथ बच्चों को सांस व सेहत जुड़ी परेशानियों से बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश में लगभग 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराकर उन्हें धुएं भरी रसोई से बाहर निकाला गया है।
ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं के रोजमर्रा के जीवन में यह बदलाव बेहद अहम माना जा रहा है। लंबे समय तक कच्चे चूल्हों के सामने बैठकर धुएं के बीच खाना पकाने की विवशता अब कम हो रही है। निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन तो मिला ही है, साथ ही उनकी सेहत, कीमती वक्त और घर-परिवार में मान-सम्मान को भी संबल मिला है।
सेहत और समाज पर सकारात्मक असर
पारंपरिक चूल्हे से उठने वाला धुआं ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए लंबे समय से गंभीर खतरा बना हुआ था। घंटों धुएं के संपर्क में रहने से आंखों में जलन, सांस फूलने की समस्या और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का जोखिम रहता था। उज्ज्वला योजना ने इस स्थिति में सीधा सुधार किया है। बस्तर के दूरस्थ अंचलों से लेकर सरगुजा के पहाड़ी इलाकों और मैदानी गांवों तक रसोई में अब धुएं के बजाय गैस की नीली लौ दिखाई दे रही है।
बचता समय, बढ़ती आत्मनिर्भरता
पहले गांवों की महिलाओं का काफी समय जंगल से सूखी लकड़ी जुटाने, गोबर के उपले बनाने और चूल्हा संभालने में ही चला जाता था। इस मेहनत के चलते वे खुद की देखभाल या आय बढ़ाने वाले कामों के लिए समय नहीं निकाल पाती थीं। गैस कनेक्शन से खाना पकाने की प्रक्रिया तेज और आसान हुई है। इससे बचने वाले समय का इस्तेमाल महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़ने, बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और परिवार की आमदनी बढ़ाने में कर रही हैं। पात्र महिलाओं को शुरुआती चरण में एलपीजी कनेक्शन, चूल्हा और पहला रिफिल निःशुल्क दिया जाता है।
हरियाली बचाने में मददगार
इस पहल का असर केवल रसोई तक सीमित नहीं है। वनाच्छादित राज्य छत्तीसगढ़ में करीब 39 लाख 73 हजार से अधिक परिवारों के गैस पर आने से जलाऊ लकड़ी के लिए पेड़ों की कटाई घटाने में मदद मिली है। इससे पर्यावरण संरक्षण और उत्सर्जन नियंत्रण को भी मजबूती मिल रही है।
जिला,लाभान्वित महिलाओं की संख्या
बिलासपुर,”2,94,134″
जांजगीर-चांपा,”2,74,650″
रायगढ़,”2,30,101″
बलौदाबाजार-भाटापारा,”2,27,132″
महासमुंद,”1,93,464″
कोरबा,”1,55,683″
जशपुर,”1,42,185″
बस्तर,”1,33,555″
बेमेतरा,”1,33,377″
धमतरी,”1,28,643″
कवर्धा (कबीरधाम),”1,20,895″
मुंगेली,”1,19,549″
जमीनी अनुभव: राहत और आत्मविश्वास
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड की रहने वाली श्रीमती क्रांति यादव ने गैस कनेक्शन मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि अब उन्हें धुएं के बीच खाना नहीं बनाना पड़ेगा। पहले धुएं से आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होती थी, लेकिन अब साफ वातावरण में भोजन तैयार करना आसान हो गया है। वहीं ग्राम मड़िया की श्रीमती फूलमती नगेसिया ने कहा कि लकड़ी के चूल्हे से घर का माहौल खराब होता था और काम में देरी होती थी, लेकिन निःशुल्क कनेक्शन मिलने से खाना जल्दी और स्वच्छ तरीके से बन पा रहा है।
राजनांदगांव जिले के मेड़ेसरा की श्रीमती राजेश्वरी साहू के अनुसार, निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन से कमजोर आय वर्ग के परिवारों को सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन मिला है। रवेली की श्रीमती परमेश्वरी वर्मा ने बताया कि पहले चूल्हे के धुएं से छोटे बच्चों को भी तकलीफ होती थी, पर अब बच्चों को राहत मिलेगी और रसोई का काम अधिक सुरक्षित ढंग से हो सकेगा। सिलेंडर मिलने के साथ ही महिलाओं के चेहरों पर संतोष और राहत साफ नजर आई। कच्चे घरों में रहने वालीं राजेश्वरी साहू, मीना यादव, परमेश्वरी वर्मा और पावर्ती के लिए यह पल एक पुरानी उम्मीद के पूरा होने जैसा रहा।
महिलाओं के नाम पर गैस कनेक्शन दर्ज होने से परिवार के भीतर उनकी राय का महत्व और सामाजिक सम्मान भी बढ़ा है। सब्सिडी और रिफिल की आसान उपलब्धता के सहारे योजना जमीनी स्तर पर असर दिखा रही है। आज छत्तीसगढ़ की ये 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाएं केवल योजना की लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ परिवार, स्वच्छ परिवेश और सशक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
















