सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने किया हमला

सुकमा। नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि, सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने हमला किया है। हालांकि, जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। गोलीबारी में किसी तरह की हताहत की खबर अब तक नहीं है। नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के दूसरे दिन यानी शनिवार को जवान सर्चिंग के लिए निकाले थे। मामला चिंतागुफा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटेकेड़वाल के जंगल में हार्डकोर नक्सली राजू एवं मासा मौजूद हैं। मुखबिर की इसी सूचना के आधर पर वहीं शनिवार की सुबह जवानों की एक टीम मौके के लिए निकली थी। जैसे ही जवान इलाके में पहुंचे यहां पहले से ही घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर हमला बोल दिया। इसी बीच फोर्स ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों तरफ से करीब 1 घंटे तक गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि, जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल की आड़ लेकर भाग निकले हैं। वहीं जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। इलाके की सर्चिंग की जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि, जवान जब लौटेंगे तो इसके बाद ही सारी जानकारी दी जा सकेगी।