बाढ़ से निपटने प्रशासन मुस्तैद, केनापारा जलाशय में मॉक ड्रिल कर परखीं तैयारियाँ

सूरजपुर। आगामी मॉनसून और भारी बारिश के मद्देनजर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सूरजपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत केनापारा की पोखरी (जलाशय) में एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की गरिमामयी उपस्थिति में बाढ़ बचाव और अग्निशमन दल ने अपनी तैयारियों और कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया।
‘डूबते व्यक्ति’ का किया सफल रेस्क्यू
इस अभ्यास के दौरान आपदा प्रबंधन टीम को पोखरी में एक नागरिक के डूबने की कृत्रिम (काल्पनिक) सूचना दी गई। खबर मिलते ही रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोटरबोट, कुशल गोताखोरों और आधुनिक लाइफ-सेविंग उपकरणों के साथ मोर्चा संभाला। तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीम ने बेहद कम समय में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न बचाव उपकरणों के संचालन की तकनीक भी समझाई गई।
घरेलू सामानों से आपदा प्रबंधन के सिखाए गुर
मॉक ड्रिल के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि संकट के समय घर में मौजूद आम चीजों का इस्तेमाल कर कैसे अपनी और दूसरों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आपदा के समय घबराने के बजाय संयम और सही सूझबूझ से काम लेना सबसे महत्वपूर्ण होता है।
कलेक्टर की अपील: सेल्फी और लापरवाही से बचें
मौके पर मौजूद कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि आपदा के वक्त जनता की सजगता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों, तालाबों और झरनों जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें। विशेषकर ऐसे संवेदनशील जगहों पर सेल्फी लेने की लापरवाही बिल्कुल न बरतें। जिले में बाढ़ नियंत्रण के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं।
आपातकाल के लिए जिला नियंत्रण कक्ष एक्टिव
प्रशासन ने मॉनसून के दौरान किसी भी अनहोनी या जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय में एक जिला स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) शुरू किया है। अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा को इसका नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
हेल्पलाइन नंबर: 07775-266116
प्रशासन का अनुरोध: किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना तुरंत इस नंबर पर देकर नागरिक प्रशासन की मदद कर सकते हैं।
इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, जिला सेनानी श्री संजय गुप्ता और एसडीएम श्रीमती शिवानी जायसवाल सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
















