छत्तीसगढ़ में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार : पीएम मोदी ने किया तीन रेलवे स्टेशनों का डिजिटल उद्घाटन

डबल इंजन सरकार में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार : मुख्यमंत्री साय
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत प्रदेश के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों—चांपा, बालोद और सरोना का वर्चुअली लोकार्पण किया। इस विकास कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार के तालमेल से छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। इन आधुनिक स्टेशनों के बन जाने से आम यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशनों पर उन्नत वेटिंग रूम, स्वच्छ वातावरण और विशेष रूप से दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं तैयार की गई हैं, जिससे सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनेगा।
उन्होंने आगे कहा कि रेलवे सिर्फ परिवहन का जरिया नहीं है, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक प्रगति की धुरी भी है। चांपा, बालोद और सरोना स्टेशनों के अपग्रेड होने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। राज्य में नई रेल लाइनों के बिछाने, दोहरीकरण और बिजलीकरण के कार्यों से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को और मजबूती मिल रही है।
















