
एशियाई खेल 2026 : विनेश फोगाट को सर्वोच्च अदालत से हरी झंडी, चयन ट्रायल्स का रास्ता साफ
स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। देश की सर्वोच्च अदालत (सुप्रीम कोर्ट) ने उन्हें आगामी एशियाई खेल 2026 के चयन ट्रायल्स में शामिल होने की मंजूरी दे दी है। कोर्ट ने इस मामले में दखल देने से इनकार करते हुए विनेश को सीधे ट्रायल्स में उतरने को कहा। इस फैसले के बाद विनेश के लिए आगे की राह आसान हो गई है और अब वह बेहतरीन प्रदर्शन कर जापान में होने वाले एशियाई खेलों का टिकट हासिल करने की पूरी कोशिश करेंगी। बता दें कि इन खेलों का आयोजन इस साल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान में तय हुआ है।
दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले पर लगी मुहर
इससे पहले, दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी विनेश फोगाट के हक में फैसला सुनाते हुए उन्हें ट्रायल्स में भाग लेने की इजाजत दी थी। हालांकि, भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। 29 मई को हुई सुनवाई में शीर्ष अदालत ने हाई कोर्ट के 22 मई के आदेश को बरकरार रखा और रेसलर के पक्ष में निर्णय दिया। अब विनेश 30 और 31 मई को होने वाले चयन ट्रायल्स में मैट पर उतरती नजर आएंगी।
क्या था पूरा विवाद?
मुख्य विवाद: विनेश फोगाट और कुश्ती महासंघ (WFI) के बीच यह तनातनी मई महीने की शुरुआत से चल रही है। महासंघ ने एंटी-डोपिंग नियमों का हवाला देते हुए विनेश पर 26 जून तक किसी भी घरेलू प्रतियोगिता में खेलने पर रोक लगा दी थी। WFI का तर्क था कि विनेश ने संन्यास से वापसी के लिए जरूरी 6 महीने का नोटिस पीरियड पूरा नहीं किया है, जिसके कारण उन्हें गोंडा में हुए नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से भी बाहर कर दिया गया था।
अदालत के इस नए फैसले ने अब कुश्ती महासंघ के उस प्रतिबंध को बेअसर कर दिया है, जिससे विनेश के प्रशंसकों और भारतीय कुश्ती प्रेमियों में खुशी की लहर है।
















