
भारतीय टीम की दूसरी इनिंग में खराब शुरुआत, यशस्वी के बाद केएल राहुल ने भी किया निराश
कोलकाता (एजेंसी)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में चल रहा है. इस मैच को जीतने के लिए भारतीय टीम को 124 रनों का लक्ष्य मिला है. दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 153 रन बनाकर भारतीय टीम के सामने यह लक्ष्य रखा. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और 2.1 ओवर के बाद स्कोर 1 रन पर 2 विकेट हो गया है. अभी क्रीज पर ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर डटे हुए हैं.
पहली पारी का हाल
मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन उनकी टीम पहली पारी में सिर्फ 159 रन पर सिमट गई. जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 189 रन बनाए, जिससे भारत को 30 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली थी.
गेंदबाजों का दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन
भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में भी कहर बरपाया. मेहमान टीम ने 91 रन के स्कोर तक ही 7 विकेट गंवा दिए थे. रवींद्र जडेजा ने अफ्रीकी टीम के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी. उन्होंने एडेन मार्करम (4 रन), वियान मुल्डर (11 रन), टोनी डी जोरजी (2 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (5 रन) को आउट किया. कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने भी जडेजा का बेहतरीन साथ दिया.
कप्तान टेम्बा बावुमा की तारीफ करनी होगी, जिन्होंने दूसरे दिन के आखिरी घंटे में बल्लेबाजी में आक्रामक रुख अपनाया. खेल के तीसरे दिन भी बावुमा ने मजबूती दिखाई और कॉर्बिन बॉश (25 रन) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की.
दक्षिण अफ्रीका के आखिरी दो विकेट मोहम्मद सिराज ने झटके. सिराज ने साइमन हार्मर (7) और केशव महाराज (0 रन) को पवेलियन भेजा. बावुमा 136 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार विकेट अपने नाम किए.
















