अटल जी के सिद्धांतों पर चलकर विकसित होगा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में स्व. वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने देश और विशेषकर छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में उनके अप्रतिम योगदान को याद किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को पृथक छत्तीसगढ़ राज्य का शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की जरूरतों और स्थानीय लोगों की दशकों पुरानी मांग को समझते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था। उनका यह ऐतिहासिक कदम प्रदेश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अटल जी के साथ अपनी पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए बताया कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद पाने का अवसर मिला, जो आज भी उन्हें जनसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से केवल राजनीतिक ही नहीं, बल्कि एक अटूट और भावनात्मक संबंध था।
अटल जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री साय ने उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों, संवेदनशीलता और संवाद का प्रतीक बताया। वे एक ओजस्वी वक्ता, कवि, पत्रकार और दूरदर्शी नेता थे, जिन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हर वर्ग का सम्मान मिला।
पूर्व प्रधानमंत्री के सुशासन के मॉडल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी योजनाओं ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली। इसके अलावा, जनजातीय समाज के अधिकारों और प्रगति को प्राथमिकता देते हुए अटल जी ने ही पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था।
अंत में, मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार अटल जी के ‘अंत्योदय’ और सुशासन के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। उनके सपनों का समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
















