छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बड़ी छलांग : रायपुर के देवपुरी में खुला 125 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशलिटी ‘प्रथमेश हॉस्पिटल’

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ भूमि पर बने 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी ‘प्रथमेश हॉस्पिटल’ का आधिकारिक रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वस्थ समाज ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक तक सुलभ, किफायती और बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। इन निरंतर प्रयासों के दम पर छत्तीसगढ़ तेजी से मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में उभर रहा है।

दूसरे राज्यों पर निर्भरता होगी कम

मुख्यमंत्री साय ने इस बात पर जोर दिया कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को अब दूसरे राज्यों का रुख करने की मजबूरी से निजात मिलेगी। स्थानीय स्तर पर सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के विस्तार से मरीजों और उनके परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक व मानसिक बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर और नवा रायपुर में लगातार बन रहे आधुनिक चिकित्सा संस्थान न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों के लिए भी वरदान साबित होंगे।

नवा रायपुर में मेडिसिटी और रोजगार के नए अवसर

स्वास्थ्य क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में एक आधुनिक ‘मेडिसिटी’ विकसित की जा रही है। इससे राज्य में ‘मेडिकल टूरिज्म’ को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ चिकित्सा, नर्सिंग, पैरामेडिकल और तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज की बड़ी आर्थिक सुरक्षा दी है। ‘डबल इंजन’ सरकार का यह संकल्प है कि पैसों के अभाव में किसी का इलाज न रुके। इसके तहत जिला अस्पतालों से लेकर दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

इस उद्घाटन समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू और प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव व डॉ. सारिका साहू सहित कई गणमान्य नागरिक और चिकित्सक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button