छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के करमा परब महोत्सव में युवाओं को दिया एकजुटता और नशामुक्ति का संदेश

रायपुर। राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज युवा प्रभाग महानगर इकाई की ओर से भव्य करमा परब महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समाज के साथ इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं।

प्रकृति और परंपरा का अनूठा संगम है करमा तिहार

मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि करमा तिहार हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़ने के साथ सामाजिक एकता और सामूहिकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में कंवर समाज ने अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजकर नई पीढ़ी के सामने एक बेहतरीन मिसाल पेश की है।

समाज के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के कल्याण और सांस्कृतिक उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

कोरबा जिले के मड़वारानी में सामाजिक भवन निर्माण के लिए ₹50 लाख।

रायपुर के टाटीबंध में सामाजिक भवन के लिए ₹25 लाख।

कांकेर के ग्राम जेफरा में सांस्कृतिक मंच के लिए ₹15 लाख।

राजधानी रायपुर में प्रतिवर्ष करमा महोत्सव के आयोजन के लिए ₹10 लाख।

शिक्षा, नशामुक्ति और पर्यावरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने समाज में नशामुक्ति की पहल की सराहना करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की बात कही।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या साय, पूर्व राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. नंद कुमार साय, विधायक श्री अनुज शर्मा समेत कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button