भाजपा ने नितिन नबीन को बनाया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष; पीएम मोदी, राजनाथ सिंह ने दी बधाई

नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने रविवार को बिहार के प्रमुख नेता और राज्य मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के तुरंत बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बिहार के प्रमुख नेताओं सहित पार्टी के कई शीर्ष हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने की प्रशंसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से नितिन नबीन के संगठनात्मक कौशल और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “नितिन नबीन जी ने एक परिश्रमी कार्यकर्ता के रूप में अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। वह एक ऊर्जावान और कर्मठ नेता हैं, जिनके पास संगठन का गहरा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के तौर पर उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। वह अपने विनम्र स्वभाव और ज़मीनी स्तर पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण हमारी पार्टी को और अधिक मज़बूती प्रदान करेगा।”
राजनाथ सिंह ने सफलता की कामना की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नबीन को बधाई देते हुए उनके आगामी कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
उन्होंने लिखा, “बिहार की मिट्टी से आने वाले युवा और जोश से भरे नेता नितिन नबीन को बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे मेहनती और दूरदर्शी व्यक्ति हैं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक नेतृत्व में, वे भाजपा को निश्चित रूप से सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में कामयाब होंगे।”
बिहार के नेताओं में खुशी की लहर
नितिन नबीन की इस पद पर नियुक्ति को लेकर बिहार के नेताओं में भी भारी उत्साह देखने को मिला। राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नितिन नबीन के मार्गदर्शन में भाजपा पूरे देश में अपनी पकड़ और मज़बूत करेगी।
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस दिन को पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक बताया और कहा कि बिहार के एक नेता को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
















