छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री की त्वरित पहल : 24 घंटे में दिव्यांग गणेश राम को मिली ट्राइसाइकिल, बदला जीवन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता और तत्पर शासन व्यवस्था का एक बड़ा उदाहरण सामने आया है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड (ग्राम कमोसिनडांड) के रहने वाले जन्मजात दिव्यांग गणेश राम यादव की लाचारी को बयां करती एक खबर पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को बिना किसी देरी के सरकारी मदद पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद प्रशासन ने रविवार की छुट्टी के दिन भी मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवार तक ट्राइसाइकिल पहुंचा दी।

छुट्टी के दिन भी एक्टिव रहा प्रशासन

मुख्यमंत्री का निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की टीम तुरंत काम पर लग गई। अधिकारियों का एक दल सीधे जनपद पंचायत धरमजयगढ़ पहुंचा और वहां से ट्राइसाइकिल लेकर सीधे गणेश राम के घर रवाना हो गया। चूंकि उस समय गणेश राम घर पर नहीं थे, इसलिए टीम ने उनकी भाभी और वार्ड पंच की मौजूदगी में उनके बड़े भाई विचित्र यादव को ट्राइसाइकिल सौंप दी, ताकि गणेश राम के आते ही उन्हें यह दे दी जाए।

वर्षों का संघर्ष, एक फैसले से हुआ दूर

दरअसल, हाल ही में गणेश राम यादव की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वे जमीन पर हाथों के बल घिसटकर चलने को मजबूर थे। आर्थिक तंगी और पहाड़ी इलाका होने के कारण वे सालों से एक ट्राइसाइकिल के लिए तरस रहे थे। दुर्गम रास्तों पर इस तरह चलने से उन्हें भारी शारीरिक कष्ट होता था और रोजमर्रा के कामों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया और प्रशासन ने भी उतनी ही संवेदनशीलता से इसका समाधान किया।

परिवार ने जताया आभार, सरकारी योजनाओं का मिल रहा लाभ

“अब गणेश राम को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए हाथों के बल नहीं चलना पड़ेगा। इस ट्राइसाइकिल से वे आसानी से आ-जा सकेंगे और आत्मनिर्भर बन पाएंगे। सरकार की इस मदद ने हमारे जीवन की एक बड़ी मुश्किल को आसान कर दिया है।”
— विचित्र यादव, गणेश राम के बड़े भाई

गणेश राम की भाभी चंद्रवती ने बताया कि उनके परिवार में उनके पति विचित्र और देवर गणेश राम दोनों जन्म से दिव्यांग हैं, और वे खुद भी दिव्यांगता का सामना कर रही हैं। उन्होंने सरकार का धन्यवाद करते हुए बताया कि परिवार को हर महीने दिव्यांग पेंशन, महतारी वंदन योजना का लाभ और राशन कार्ड से नियमित अनाज मिल रहा है। अब ट्राइसाइकिल मिल जाने से गणेश राम का जीवन काफी हद तक सुगम हो जाएगा।

ग्रामीणों में जगा सुशासन के प्रति भरोसा

रविवार के अवकाश के दिन भी जिस रफ्तार से प्रशासन ने काम किया, उसने स्थानीय ग्रामीणों का दिल जीत लिया है। लोगों का कहना है कि जरूरतमंदों के प्रति सरकार की यह संवेदनशीलता और जवाबदेही तारीफ के काबिल है। इस त्वरित कार्रवाई से आम जनता का शासन और प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button