नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बनी सीएम हेल्पलाइन 1076 : मुख्यमंत्री साय

नवा रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित सीबीडी बिल्डिंग में सीएम हेल्पलाइन 1076 के कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों से चर्चा की और विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सुशासन की पहली कसौटी आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशील समाधान है।
अब तक 2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज, 88% से ज्यादा का समाधान
बैठक में जानकारी दी गई कि 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 के बीच सीएम हेल्पलाइन पर कुल 2,31,850 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,05,996 यानी 88.85 प्रतिशत शिकायतों का सफल निराकरण किया जा चुका है। हेल्पलाइन पर रोजाना औसतन 1500 से 2000 शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
नागरिकों ने साझा किए अपने अनुभव
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सीधे फोन पर नागरिकों से बात कर उनकी समस्याओं के समाधान पर संतोष जताया:
गरियाबंद: मैनपुर के दमन साहू ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने से 80-85 परिवारों की बिजली ठप हो गई थी। हेल्पलाइन पर शिकायत के एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर लग गया।
जशपुर: बगीचा के वीरेंद्र यादव ने साझा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी हुई दूसरी किस्त की राशि (55 हजार रुपए) शिकायत दर्ज कराने के महज दस दिनों के भीतर उनके खाते में आ गई।
मुंगेली: करही गांव के तोरण साहू ने बताया कि उनकी माताजी की नौ महीने से रुकी हुई पेंशन शिकायत के बाद पुनः शुरू हो गई और लंबित राशि का भुगतान भी मिल गया।
व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजी आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नागरिक को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के आंकड़ों का नियमित विश्लेषण किया जाए ताकि यह पता चल सके कि किस विभाग या क्षेत्र में बार-बार समस्याएं आ रही हैं, जिससे व्यवस्था में स्थाई सुधार किया जा सके।
साथ ही, बस्तर और अन्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक इस हेल्पलाइन की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य सचिव श्री विकास शील, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री राहुल भगत और विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
















