दमोह के विकास को लगेंगे पंख : ₹6,500 करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाओं और मेडिकल कॉलेज का ऐलान, मुख्यमंत्री ने की सौगातों की बौछार

भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार बुंदेलखंड के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोमवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर दमोह से आए नागरिकों, विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों और परियोजनाओं की घोषणा की।
कनेक्टिविटी और सड़कों का जाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि दमोह जिले में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। दमोह-कटनी और दमोह-सागर फोर लेन सड़कों के निर्माण पर 6,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। अकेले सागर और दमोह के बीच लगभग 2,000 करोड़ रुपये की लागत से 76.83 किलोमीटर लंबे मार्ग को चार लेन का बनाया जाएगा, जिसमें 4 बाईपास का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा मड़ियादो-रजपुरा, मड़ियादो-बनार-किशनगढ़ मार्ग, दमोह-बांदकपुर मार्ग और तीन रेल ओवरब्रिज (ROB) का कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और धार्मिक पर्यटन का विकास
चिकित्सा शिक्षा: दमोह में 337.30 करोड़ रुपये की लागत से एक नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
सांस्कृतिक व धार्मिक धरोहर: बांदकपुर स्थित श्री जागेश्वर नाथ लोक के पहले चरण के निर्माण पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके साथ ही रानी दमयंती पुरातत्व संग्रहालय को नया स्वरूप देने के लिए 20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
शिक्षा व सिंचाई: जिले के सभी 6 विकास खंडों में सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण अंतिम चरण में है। साथ ही, कृषि और पेयजल को बढ़ावा देने के लिए करीब 280 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
बुंदेलखंड में असीम संभावनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आल्हा-ऊदल की वीरभूमि बुंदेलखंड में पर्यटन, कृषि, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। नौरादेही स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी नेशनल पार्क में चीतों का रहवास बनने से इस क्षेत्र को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिली है।
समारोह के दौरान दमोह लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री का पुष्पहार पहनाकर, साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद राहुल सिंह लोधी, राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और पूर्व मंत्री जयंत मलैया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















