छत्तीसगढ़

बस्तर में बाढ़ का प्रकोप : वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचकर स्थिति का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रभावित इलाकों का धरातलीय दौरा किया। उन्होंने घोटिया और नारायणपाल जैसे बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया तथा राहत और बचाव अभियानों की समीक्षा की।

दौरे के दौरान मंत्री श्री कश्यप ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सबसे ऊपर है। किसी भी सूरत में राहत कार्यों में कोई ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रभावित परिवारों तक समय पर भोजन, पीने का साफ पानी और चिकित्सीय सहायता पहुंचाने पर बल दिया।

राहत शिविरों में पहुंचे मंत्री, जाना हाल-चाल

जगदलपुर के टाउन हॉल में स्थापित राहत शिविर का निरीक्षण करते हुए वन मंत्री ने वहां शरण लिए परिवारों से सीधे बातचीत की। उन्होंने शिविर में मिल रहे भोजन, नाश्ते, पेयजल और दवाइयों की उपलब्धता की बारीकी से जांच की। अधिकारियों को ताकीद की गई कि शिविर में रुके लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी आवश्यकताओं का तुरंत निराकरण हो।

मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में हर नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावितों की सुरक्षा और उनका समुचित पुनर्वास सरकार की पहली प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जगदलपुर महापौर संजय पांडे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button