शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट तक, बॉलीवुड सेलेब्स ने पंजाब के लिए मांगी दुआ

नई दिल्ली (एजेंसी)। पंजाब में बाढ़ के कहर से लोग बेहाल हैं, और देशभर के लोग उनके लिए दुआ कर रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में बॉलीवुड के कई सितारे भी आगे आए हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बाढ़ पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और उनकी मदद के लिए प्रार्थना की है।
बॉलीवुड सेलेब्स ने की पंजाब के लिए दुआ
अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए उनका दिल भर आया है। उन्होंने सभी के लिए प्रेम, शक्ति और प्रार्थनाएं भेजीं और जमीनी स्तर पर काम कर रहे लोगों का आभार व्यक्त किया।
अभिनेता शाहरुख खान ने भी पंजाब की स्थिति पर दुख जताया। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों के बारे में सुनकर मेरा दिल पसीज गया है। उन सभी के लिए दुआ कर रहा हूं। पंजाब का हौसला नहीं टूटना चाहिए।”
अभिनेता और समाज सेवी सोनू सूद ने एक्स (पहले ट्विटर) पर बताया कि उनकी टीम पंजाब और जम्मू-कश्मीर में बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, कपड़े और रहने की जगह मुहैया करा रही है। उन्होंने लोगों से मिलकर मदद करने की अपील की।
इसके अलावा, सिद्धार्थ मल्होत्रा और संजय दत्त जैसे अभिनेताओं ने भी पंजाब के लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस मुश्किल समय में हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पंजाब के राजपुरा, डेरा बस्सी, मोहाली, चंडीगढ़ और खरड़ जैसे इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को बिजली गिरने की संभावना के चलते घर के अंदर रहने की हिदायत दी गई है।
















