छत्तीसगढ़

129 सरकारी स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, ₹5.53 करोड़ की राशि स्वीकृत

रायपुर। कबीरधाम जिले की प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में अध्ययनरत छात्राओं के लिए बेहतर स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर जिले के 129 शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालयों के निर्माण हेतु 5 करोड़ 53 लाख 90 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है। यह निर्माण कार्य ‘विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण’ (वीबी जीरामजी) योजना के अंतर्गत किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा भेजी गई सूची पर जिला पंचायत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह स्वीकृति जारी की है।

ग्राम पंचायतों को सौंपी गई निर्माण की जिम्मेदारी

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जानकारी दी कि प्रत्येक स्कूल में शौचालय निर्माण के लिए 4.30 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। निर्माण का जिम्मा संबंधित ग्राम पंचायतों को दिया गया है। प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों को काम तुरंत शुरू करने और मैदानी अधिकारियों को गुणवत्ता व समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

जनपद पंचायत वार स्वीकृत बजट विवरण

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल के अनुसार, स्वीकृत राशि का वितरण इस प्रकार है:

जनपद पंचायत,शालाओं की संख्या,स्वीकृत राशि

पंडरिया, 86 शालाएं, ₹3.69 करोड़
बोड़ला, 25 शालाएं, ₹1.07 करोड़
सहसपुर लोहारा,15 शालाएं, ₹64.50 लाख
कवर्धा, 3 शालाएं, ₹12.90 लाख

छात्राओं को सुविधा के साथ ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार

इस पहल से न केवल छात्राओं को स्वच्छ और सर्वसुविधायुक्त शौचालय की सुविधा मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध होगा। निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को ₹300 प्रतिदिन की दर से मजदूरी का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। अनुमान है कि इस परियोजना के माध्यम से लगभग 75 से 80 लाख रुपये की मजदूरी राशि सीधे ग्रामीणों के खातों में पहुंचेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button