हरेली तिहार पर ‘हरित जीपीएम’ की पहल : मंत्री राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में 3.36 लाख पौधों का रोपण

रायपुर। हरेली पर्व के शुभ अवसर पर गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले को हरा-भरा बनाने के लिए ‘हरित जीपीएम अभियान’ का आगाज किया गया। डोंगरिया स्थित चारागाह परिसर में जिला स्तरीय समारोह के दौरान जिले के प्रभारी एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने पौधारोपण कर इस विशाल पर्यावरण अभियान की शुरुआत की।
पारंपरिक तरीके से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार कृषि औजारों—नागर और कोपर—की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात डोंगरिया के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के सभागार में एक मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय प्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
पर्यावरण और परंपरा का संगम
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और कृषि परंपरा में हरेली का विशेष महत्व है। प्रकृति से जुड़े इस त्यौहार पर वृहद स्तर पर पौधे लगाना राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और पर्यावरण को संवारने की दिशा में एक अनूठा कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हरियाली विस्तार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि रोपे गए पौधों की नियमित देखरेख करना हम सभी का मुख्य कर्तव्य है।
कार्यक्रम में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि वृक्ष लगाना जितना जरूरी है, उसकी रक्षा करना भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है।
3.36 लाख से अधिक पौधे रोपे गए
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे जिले में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधे लगाए गए हैं। यह पौधारोपण ग्राम पंचायतों, शहरी निकायों, स्कूलों, आंगनबाड़ियों, स्वास्थ्य केंद्रों, गौठानों, अमृत सरोवरों और शासकीय कार्यालयों के परिसरों में किया गया।
रोपणी में विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार और औषधीय पौधे जैसे आम, जामुन, कटहल, आंवला, नीम, हर्रा, बहेड़ा, बांस और करंज शामिल हैं, जो आने वाले समय में जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करेंगे।
पौधों की सुरक्षा का संकल्प
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी नागरिकों और अधिकारियों ने रोपे गए पौधों को बचाए रखने और उनकी उचित देखभाल करने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, गौरेला पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, मरवाही जनपद अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुशरो, पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी निशांत कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
















