देश-विदेश

150 सालों बाद रचा इतिहास : अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर गूंजी किलकारी, चौथे बच्चे के पिता बने

वाशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस के परिवार में एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। दोनों ने रविवार सुबह मैरीलैंड स्थित वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में अपने चौथे बच्चे—एक बेटे—का स्वागत किया। दंपति ने अपने छोटे बेटे का नाम एलेक नील वेंस रखा है।

इस खुशखबरी के साथ ही जेडी वेंस ने अमेरिकी इतिहास में एक दुर्लभ मुकाम भी हासिल कर लिया है। वह पिछले 150 से भी अधिक वर्षों में अपने कार्यकाल के दौरान पिता बनने वाले पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति बन गए हैं।

माँ और बच्चा दोनों स्वस्थ, परिवार में खुशी का माहौल

उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी ने एक संयुक्त आधिकारिक बयान जारी करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि माँ उषा वेंस और नवजात शिशु एलेक दोनों पूरी तरह सेहतमंद हैं। उनके तीनों बड़े बच्चे—इवान (9 वर्ष), विवेक (6 वर्ष) और बेटी मिराबेल (4 वर्ष)—अपने सबसे छोटे भाई का स्वागत करने के लिए बेहद उत्सुक हैं।

दंपति ने वॉल्टर रीड मेडिकल सेंटर और व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट के सैन्य डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया और उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की।

राजनीतिक इतिहास में दर्ज हुआ यह दुर्लभ मौका

अमेरिकी इतिहास के पन्नों को पलटें तो पद पर रहते हुए संतान सुख प्राप्त करने वाले अंतिम उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स थे, जिनके बेटे का जन्म 1870 में हुआ था। उनसे भी पहले 1829 में उपराष्ट्रपति जॉन सी. कैलहून के घर पुत्र का जन्म हुआ था।

गौरतलब है कि 41 वर्षीय जेडी वेंस अमेरिका के तीसरे सबसे कम उम्र के उपराष्ट्रपति हैं। इस नए मेहमान के आने से पहले वेंस दंपति ने जनवरी 2026 में उषा की प्रेग्नेंसी की जानकारी साझा की थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button