हनी सिंह के मुंबई कॉन्सर्ट में सुरक्षा नियमों की अनदेखी, आयोजकों पर दर्ज हुआ मुकदमा

मुंबई (एजेंसी)। मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह का हाल ही में मुंबई के एमएमआरडीए ग्राउंड में आयोजित हुआ म्यूजिक कॉन्सर्ट कानूनी मुश्किलों में फंस गया है। 28 मार्च को हुए इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने और नियमों को ताक पर रखने के कारण आयोजकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एयरपोर्ट के पास लेजर लाइट का खतरनाक इस्तेमाल
जांच में यह बात सामने आई है कि कॉन्सर्ट के दौरान ऐसी शक्तिशाली लेजर लाइटों का उपयोग किया गया जो प्रतिबंधित थीं। एमएमआरडीए ग्राउंड एयरपोर्ट के काफी नजदीक स्थित है, ऐसे में वहां तेज लेजर लाइट का इस्तेमाल करना विमान सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है। ये लाइट्स विमानों के पायलटों की दृष्टि को प्रभावित कर सकती हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। कड़े सुरक्षा निर्देशों के बावजूद, आयोजकों द्वारा इन नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं।
आयोजकों पर भीड़ प्रबंधन में लापरवाही का आरोप
इस मामले में मुंबई पुलिस ने इवेंट ऑर्गेनाइजर पइंद्रजीत सिंह और उनकी कंपनी ‘तमन्नाज वर्ल्डवाइड एडवरटाइजमेंट’ के खिलाफ केस दर्ज किया है। अवैध लेजर लाइट के अलावा, कॉन्सर्ट में उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ जुटने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
आयोजकों ने पुलिस को कार्यक्रम में केवल 12 हजार लोगों के आने की सूचना दी थी, लेकिन वास्तविकता में वहां 18 से 20 हजार लोग पहुंच गए। भीड़ अनियंत्रित होने के कारण एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन प्रशासन अब आयोजकों की इस लापरवाही की गंभीरता से जांच कर रहा है।
















