छत्तीसगढ़

अवैध डीजल परिवहन का भंडाफोड़ : 1,400 लीटर डीजल और वाहन जब्त, एक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नॉर्थ जोन पुलिस की खमतराई थाना टीम ने अवैध रूप से ले जाया जा रहा 1,400 लीटर डीजल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप और उरला एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से खबर मिली कि भनपुरी की तरफ से एक टाटा इंट्रा वाहन (मेटाडोर) में ज्वलनशील पदार्थ की खेप लाई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के बाद खमतराई पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

जांच में खुले 7 ड्रम

वाहन (क्रमांक CG04UN/7617) की तलाशी लेने पर उसमें 7 लोहे के बड़े ड्रम मिले। हर ड्रम में लगभग 200 लीटर डीजल भरा हुआ था। इस तरह कुल 1,400 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया।

पटना निवासी आरोपी गिरफ्तार

पकड़े गए चालक ने अपनी पहचान विजेन्द्र सिंह यादव (50 वर्ष), मूल निवासी पटना (बिहार) और हाल निवासी ग्राम भेमता, तिल्दा (रायपुर) के रूप में दी। डीजल के भंडारण और परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज न दिखाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

कुल 6.40 लाख का सामान जब्त

पुलिस ने डीजल और परिवहन में प्रयुक्त टाटा इंट्रा वाहन समेत कुल 6.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ खमतराई थाने में बीएनएस की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) की धारा 3 व 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button