राशन वितरण में कोताही पर तुरंत हो कार्रवाई, हर जरूरतमंद तक पहुंचे खाद्यान्न : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार को उनका तय राशन समय पर मिलना चाहिए। विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा जैसी संरक्षित जनजातियों और दुर्गम इलाकों के निवासियों को खाद्यान्न हासिल करने में कोई दिक्कत न आए। राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या ढिलाई सामने आने पर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित आमानारा गांव में पहाड़ी कोरवा परिवारों को खाद्यान्न न मिलने की खबर पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी मांगी और प्रभावित परिवारों को फौरन राशन मुहैया कराने के आदेश दिए। सीएम ने ई-पॉस (e-PoS) मशीन के आंकड़ों और वास्तविक वितरण का मिलान कर धांधली की जांच करने के निर्देश भी दिए।
प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि मामले की पड़ताल के बाद संबंधित राशन दुकान को सस्पेंड कर दिया गया है। जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक ग्रामीणों को राशन उपलब्ध कराने के लिए निकटतम चिड़ोडी राशन दुकान से जोड़ा गया है। सीएम साय ने स्पष्ट किया कि सुशासन का मूल उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
















