राष्ट्रपति भवन से मिला स्वतंत्रता दिवस का न्योता : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने धमतरी की रेणुका गोस्वामी को सराहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की निवासी रेणुका गोस्वामी को 15 अगस्त पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह का निमंत्रण मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि रेणुका की कठिन लगन के साथ-साथ राज्य की बेटियों, ग्रामीण युवाओं और कौशल विकास अभियानों की राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है।
उप मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि रेणुका ने ‘दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना’ के तहत हुनर सीखकर अपने जीवन को एक नई राह दी है। आज अपनी मेहनत के बल पर वे जिस मुकाम पर पहुंची हैं, वह प्रदेश के युवाओं के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है।
कौशल प्रशिक्षण से मिला एचआर मैनेजर का पद
ग्राम नवागांव की रेणुका गोस्वामी ने साल 2018 में ग्रामीण कौशल योजना से जुड़कर पेशेवर प्रशिक्षण लिया था। इसके बाद उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में कदम रखा और अपनी कार्यकुशलता के दम पर पहचान बनाई। फिलहाल वे रायपुर की एक निजी कंपनी में बतौर एचआर मैनेजर कार्यरत हैं और करीब 40 हजार रुपये मासिक वेतन हासिल कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार का आर्थिक स्तर भी बेहतर हुआ है।
डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार युवाओं को स्वावलंबी बनाने और रोजगार के बेहतर साधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रेणुका की यह सफलता साबित करती है कि सही दिशा और दृढ़ निश्चय से ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवा भी देश स्तर पर नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति भवन में रेणुका की मौजूदगी से राज्य की अन्य बेटियों को भी अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।
















