छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना : छत्तीसगढ़ में अपात्र महिलाओं से होगी ₹8 करोड़ की रिकवरी, जानें क्या है पूरा मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार अपनी महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ को लेकर एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. योजना के तहत गलत तरीके से लाभ ले रहीं लगभग 27 हजार अपात्र महिलाओं से सरकार तकरीबन 8 करोड़ रुपये वापस वसूलेगी. आपको बता दें कि सरकार अब तक ऐसी महिलाओं से 9 करोड़ रुपये की रिकवरी पहले ही कर चुकी है.

क्यों हो रही है पैसों की वसूली?

सरकार द्वारा समय-समय पर कराए जाने वाले केवाईसी (KYC) वेरिफिकेशन के दौरान इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया कि अपात्र होने के बावजूद हजारों महिलाओं के खातों में हर महीने ₹1000 की किस्त जा रही थी. हालांकि, पहचान होने के बाद प्रशासन ने इन खातों में पैसे भेजना बंद कर दिया है.

प्रमुख जिलों के आंकड़े:

रायपुर: 2,883 अपात्र मामले

रायगढ़: 1,017 अपात्र मामले

नारायणपुर: 404 अपात्र मामले

नोट: प्रदेश में अभी भी लगभग 40 हजार महिलाएं ऐसी हैं, जिन्होंने अपना केवाईसी (KYC) अपडेट नहीं कराया है.

अपात्र होने की मुख्य वजहें क्या हैं?

जांच रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं के अपात्र होने के पीछे दो मुख्य कारण सामने आए हैं:

एक से अधिक आवेदन (55.5% मामले): लगभग 15,036 महिलाओं ने दो या उससे ज्यादा बार फॉर्म भर दिए थे, जिसकी वजह से उनके आवेदनों को रद्द कर दिया गया है.

सरकारी नौकरी (6,946 मामले): कई मामलों में पाया गया कि लाभार्थी महिला या उनके परिवार के सदस्य शासकीय सेवा (Government Job) में कार्यरत हैं.

जल्द खुलेंगे नए रजिस्ट्रेशन के पोर्टल

वर्तमान में इस योजना का लाभ छत्तीसगढ़ की लगभग 68 लाख 54 हजार पात्र महिलाओं को मिल रहा है. जिन महिलाओं को अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है, उनके लिए एक अच्छी खबर है.

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अनुसार, सरकार जल्द ही नए आवेदकों के लिए पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है. इस नए चरण की शुरुआत सबसे पहले बस्तर संभाग से होगी, जिसके बाद इसे राज्य के अन्य जिलों के लिए भी लागू कर दिया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button