महतारी वंदन योजना : रक्षाबंधन पर बहनों को मिला आर्थिक संबल, सुवासिनी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड (ग्राम खोखरा) की निवासी सुवासिनी सूर्यवंशी के लिए इस बार का रक्षाबंधन बेहद खास रहा। त्यौहार से ठीक पहले खाते में योजना की 1,000 रुपये की किस्त पहुंचने से उनकी खुशियां दोगुनी हो गईं। सुवासिनी ने इस सहायता राशि को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तरफ से मिला भाई का उपहार बताया है, जिससे वह त्यौहार के लिए साड़ी और राखी जैसी जरूरी चीजें खरीद सकेंगी।
राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत हर महीने पात्र महिलाओं के खाते में 1,000 रुपये भेजे जाते हैं, जिससे वे अपनी छोटी-मोटी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें। सुवासिनी का कहना है कि नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि से न सिर्फ दूसरों पर उनकी निर्भरता कम हुई है, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और अपने फैसले खुद लेने की क्षमता भी बढ़ी है। वह इन पैसों का उपयोग सोच-समझकर घरेलू जरूरतों और बचत के लिए करती हैं।
सुवासिनी ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के समय मिली यह मदद उनके लिए बेहद मायने रखती है। यह योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ उनके जीवन में नई उम्मीद और स्वावलंबन का संचार कर रही है।
















