टॉप न्यूज़

हावड़ा-मुंबई दुरंतो ट्रेन में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी रेड : ₹1.96 करोड़ के सोने के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रेल मार्ग से हो रही सोने की अवैध तस्करी पर नकेल कसते हुए आरपीएफ (RPF) और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की साझा टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। हावड़ा से मुंबई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12262) में घेराबंदी कर दो यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनके पास से लगभग 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1.96 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। जब्त किए गए सोने में 7 गोल्ड बिस्कुट और एक सोने की रॉड शामिल है।

इस तरह बिछाया गया जाल

आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को खुफिया जानकारी मिली थी कि दो संदिग्ध यात्री भारी मात्रा में विदेशी सोना लेकर दुरंतो एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे हैं। इनपुट मिलते ही तुरंत ट्रेन की रियल-टाइम लोकेशन ट्रैक की गई और रायपुर व नागपुर की आरपीएफ टीमों को अलर्ट पर रखा गया।

इसके बाद DRI नागपुर और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ट्रेन में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। भंडारा से नागपुर के बीच कोच B-12 की सघन जांच के दौरान दोनों संदिग्धों को पहचान कर धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उनके बैग से यह कीमती विदेशी सोना बरामद हुआ।

आगे की कानूनी कार्रवाई और नेटवर्क पर पैनी नजर
सोने की जब्ती के बाद दोनों आरोपियों को DRI नागपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। एजेंसी ने सीमा शुल्क अधिनियम (Customs Act), 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि सोने की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के पीछे छिपे मुख्य सरगनाओं का सुराग लगाने के लिए दोनों से कड़ी पूछताछ जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button