सीएसईबी चौक पर नया वेटिंग शेड शुरू : तीन मुख्य मार्गों पर 195 नई स्ट्रीट लाइटों से जगमगाया इलाका

रायपुर। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सीएसईबी चौक पर नवनिर्मित वेटिंग शेड का आधिकारिक लोकार्पण किया है। जिला खनिज न्यास (DMF) मद से करीब 16.15 लाख रुपये की लागत से तैयार इस शेड से अब ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले राहगीरों को तेज धूप और बारिश से बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 195 नई स्ट्रीट लाइटों का भी शुभारंभ किया गया।
यात्रियों को राहत: मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि सीएसईबी चौक के दूसरी तरफ भी जल्द ही एक और वेटिंग शेड का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।
विकास कार्यों को गति: महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में डामरीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से नागरिकों का जीवन आसान हो रहा है।
इन प्रमुख मार्गों पर चमकीं नई स्ट्रीट लाइटें:
शहरी क्षेत्रों में रोशनी और सुरक्षा बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख मार्गों पर कुल 195 आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं:
राताखार मार्ग: राताखार मुख्य मार्ग से पुराने पुल होते हुए मुक्तिधाम तक 44 स्ट्रीट लाइटें।
रामनगर-अयोध्यापुरी मार्ग: वार्ड क्रमांक 51 और 52 के अंतर्गत (लागत 25.50 लाख रुपये) 80 स्ट्रीट लाइटें।
जमनिपाली मार्ग: वार्ड क्रमांक 58 (सरदार वल्लभभाई पटेल नगर) में जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट पीएम आवास तक (लागत 25.25 लाख रुपये) 71 एलईडी लाइटें।
















