स्वेच्छा से वतन लौटने वाले घुसपैठियों पर नहीं दर्ज होगा मुकदमा : गृह मंत्री अमित शाह

गांधीनगर (एजेंसी)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी घुसपैठिए खुद अपनी मर्जी से अपने देश वापस लौट जाएंगे, भारत सरकार उनके खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी या दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेगी।
इसके साथ ही गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा को लेकर भी अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि चुनावी वादे के मुताबिक बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। इस दिशा में त्वरित कदम उठाने के लिए उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना की, जिन्होंने महज सात दिनों के भीतर सीमा सुरक्षा बल (BSF) को 600 हेक्टेयर भूमि का हस्तांतरण सुनिश्चित किया।
अमित शाह ने यह भी बताया कि देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले ‘चिकन नेक’ (Siliguri Corridor) क्षेत्र में भी 121 हेक्टेयर जमीन भारत सरकार को सौंप दी गई है, जिससे सीमाई इलाकों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जा सके।
















