उत्तर प्रदेश

लखनऊ में आज पीएम मोदी का महा-कार्यक्रम : 4400 जवान तैनात, 10 घंटे बदला रहेगा शहर का ट्रैफिक

लखनऊ (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार, 21 नवंबर) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दौरे पर आ रहे हैं। वे शाम करीब 5:30 बजे गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री देश भर के आईटीआई (ITI), नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) और इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ITOT) के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

अभेद्य सुरक्षा घेरा और मेडिकल इमरजेंसी की तैयारी

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे इलाके को जोन और सेक्टर में बांटा गया है।

सुरक्षा बल: सुरक्षा की कमान 4,400 पुलिसकर्मियों के हाथों में है, जिसमें 8 डीसीपी, 10 एडीसीपी, 34 एसीपी और भारी संख्या में ट्रैफिक व पुलिस बल शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी, आरआरएफ, एनएसजी, एटीएस, स्नाइपर्स और एंटी-ड्रोन टीमें भी तैनात की गई हैं। ऊंची इमारतों पर रूफटॉप ड्यूटी और सीसीटीवी से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाएं: किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लोकबंधु राजनारायण, लोहिया संस्थान और एसजीपीजीआई अस्पताल में ‘सेफ हाउस’ तैयार किए गए हैं। करीब 50 विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमों के साथ आईसीयू और ब्लड की पूरी व्यवस्था की गई है।

दोपहर 12 से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन

सुरक्षा कारणों से आज दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक (10 घंटे) शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बदला रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूली वाहन और शव वाहनों को छूट दी जाएगी।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान व कमता क्षेत्र: डिगडिगा चौराहा, लोहिया संस्थान तिराहा, पिकप ओवरब्रिज, कठौता चौराहा, विजयीपुर अंडरपास, समिट बिल्डिंग, न्यू हाईकोर्ट मोड़, मेघा मोटर्स और हयात होटल तिराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की तरफ सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे। कमता तिराहे से शहीद पथ और सर्विस रोड पर भी आवाजाही बंद रहेगी। वाहन पॉलीटेक्निक या चिनहट तिराहे से होकर निकल सकेंगे।

पॉलीटेक्निक व शहीद पथ: पॉलीटेक्निक से हजरतगंज जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर व निशातगंज होकर जाएंगे। वहीं, अयोध्या मार्ग से आने वाले बड़े वाहन किसानपथ से गुजरेंगे। शहीद पथ पर अय्यपा अंडरपास, हुसड़िया, मलेशेमऊ, सीएमएस गोमतीनगर विस्तार, लुलु मॉल, मेदांता और कानपुर रोड की तरफ से सामान्य यातायात व बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

अहिमामऊ क्षेत्र: सुल्तानपुर रोड, खुर्दही बाजार और एचसीएल तिराहे से अहिमामऊ होते हुए शहीद पथ पर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे। रायबरेली रोड से आने वाले वाहन पीजीआई तिराहा और उतरेठिया की तरफ नहीं जा सकेंगे।

सिटी बसों के रूट में बदलाव

ट्रैफिक डायवर्जन का असर शहर की इलेक्ट्रिक सिटी बसों पर भी पड़ेगा। सिटी ट्रांसपोर्ट की 125 बसों में से एयरपोर्ट, शहीद पथ और अमौसी रूट पर चलने वाली करीब 22 बसें प्रभावित होंगी। हालांकि, प्रशासन ने इन्हें पूरी तरह बंद करने के बजाय वैकल्पिक मार्गों से चलाने का फैसला किया है। कार्यक्रम समाप्त होते ही बस सेवा सामान्य हो जाएगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दो दिवसीय दौरे पर

लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज और कल शहर में रहेंगे। वे शनिवार दोपहर 3:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और शाम 5 बजे प्रधानमंत्री के साथ कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद रविवार सुबह 11:30 बजे वे बाबू बनारसी दास (BBD) विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। दोपहर करीब 2 बजे वे देहरादून रवाना होंगे और शाम 6:55 बजे वापस लखनऊ लौटकर एक निजी कार्यक्रम के बाद रात्रि विश्राम करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button