छत्तीसगढ़

अंबिकापुर से अयोध्या धाम का धार्मिक सफर : 850 श्रद्धालुओं की भारत गौरव ट्रेन को मिली हरी झंडी

श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना: सरगुजा से अयोध्या व काशी के लिए रवाना हुए 850 तीर्थयात्री
रायपुर।
श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के तहत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं का एक दल वाराणसी (काशी) और अयोध्या धाम की धार्मिक यात्रा पर रवाना हुआ है। दोपहर करीब 2:30 बजे अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से इस विशेष ‘भारत गौरव ट्रेन’ को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड व आईआरसीटीसी के अधिकारी मौजूद रहे।

आध्यात्मिक व सांस्कृतिक जुड़ाव की यात्रा

इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ और अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। रवानगी के समय स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं और उनके परिजनों का भारी उत्साह देखने को मिला। पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लास से भर गया।

आईआरसीटीसी संभालेगा सभी व्यवस्थाएं

तीर्थयात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए भोजन, ठहरने और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी को सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी की टीमें आपस में समन्वय बनाकर यात्रा को सुगम बना रही हैं।

मंत्री और श्रद्धालुओं ने जताई खुशी

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-समर्पण के अवसर पर इस यात्रा का शुभारंभ होना अत्यंत सुखद है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने इस स्वर्णिम अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री रामलला के भव्य मंदिर में दर्शन करने का सालों पुराना सपना अब पूरा होने जा रहा है।

अब तक 52 हजार से अधिक लोगों ने किया दर्शन

श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 62 विशेष ट्रेनों के जरिए प्रदेश के 52,000 से अधिक नागरिक अयोध्या की यात्रा कर चुके हैं। अंबिकापुर से शुरू हुई यह यात्रा 19 सितंबर को वापस लौटेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button