
रायपुर । भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष महीना सावन शुरू हो गया है। सावन मास में इस बार कई शुभ संयोग बन रहे हैं। इस बार दो सावन महीने हैं। इसमें 59 दिनों के सावन में 8 सोमवार पड़ रहे हैं। पहला सोमवार 10 जुलाई को है। पहले सोमवार को लेकर मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है। मंदिरों में रुद्राभिषेक किए जाएंगे। भगवान की विशेष पूजा-अर्चना होगी। सामूहिक रूप से पार्थिव शिवलिंग बनाने के आयोजन होंगे। पंडितों के अनुसार भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए सर्वोत्तम उपाय अभिषेक करना है। विभिन्न खाद्य वस्तुओं और फूल-पत्तियों आदि से अभिषेक करने की परंपरा है। कई श्रद्धालु समस्या निवारण और सुख-समृद्धि के लिए विभिन्न वस्तुओं से रुद्राभिषेक करेंगे। ऐसी वस्तुओं में जल, घी,दूध, दही, शहद, शकर, गन्ने का रस, बिल्व पत्र और धतूरा आदि शामिल हैं। सावन में मंदिरों में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही।