चिरायु की मदद से दो माह की मासूम के टेढ़े पैरों का सफल इलाज, मिला विशेष जूता

रायपुर। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को समय पर बेहतर इलाज मिल रहा है, जिससे उनका भविष्य संवर रहा है। मुंगेली कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) के तहत बच्चों की जन्मजात बीमारियों की जांच और उपचार किया जा रहा है। इसी पहल के अंतर्गत पथरिया ब्लॉक की चिरायु टीम ने जन्मजात टेढ़े पैरों से ग्रस्त दो माह की बच्ची का सफल उपचार कर उसके परिवार को बड़ी राहत दी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, हथनीकला गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान दो माह की आयांश यादव के पैरों में जन्मजात टेढ़ेपन का पता चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिरायु टीम ने बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल मुंगेली स्थित अस्थि रोग विशेषज्ञ के पास भेजा। डॉक्टरों की सलाह पर हर सप्ताह पोटेन्सी तकनीक से प्लास्टर (कास्ट) चढ़ाकर उसका इलाज किया गया। लगातार देखरेख और उपचार के चलते बच्ची के पैरों की बनावट में धीरे-धीरे सुधार दिखने लगा। इसके बाद अगले चरण में उसे जिला अस्पताल बिलासपुर ले जाकर विशेष जूता प्रदान किया गया और परिवार को आगे की देखभाल के लिए जरूरी सुझाव दिए गए।
बेटी की सेहत में आए इस सुधार से माता-पिता काफी संतुष्ट और खुश हैं। उन्होंने समय पर इलाज मुहैया कराने के लिए प्रशासन और चिरायु टीम का धन्यवाद किया। परिजनों का कहना है कि सही समय पर समस्या की पहचान और उचित उपचार से बच्ची की स्थिति में काफी सुधार आया है, और चिरायु जैसी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद मददगार साबित हो रही हैं।
















