छत्तीसगढ़ के दो कलाकारों को मिला उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार, राष्ट्रीय मंच पर चमका प्रदेश का नाम

रायपुर। नई दिल्ली स्थित रविन्द्र भवन के मेघदूत थिएटर परिसर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ के दो प्रतिष्ठित कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी के ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
सम्मानित होने वाले कलाकारों में जशपुर जिले के डॉ. आनन्द पाण्डेय शामिल हैं, जिन्हें रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट अभिनय के लिए यह पुरस्कार मिला है। इसके साथ ही, सारंगढ़ के श्री घनश्याम साहू को उनके विशिष्ट नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने दोनों कलाकारों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी सफलता हासिल करना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सम्मान न केवल दोनों कलाकारों की व्यक्तिगत साधना का परिणाम है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, नाट्य परंपरा और रचनात्मकता की राष्ट्रीय पहचान को भी मजबूत करता है।
















