‘गौ संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी’ : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर। विजयादशमी के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ से विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ में चक्रधर गौशाला ट्रस्ट की ओर से बनाए गए नए गौ चिकित्सालय का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि पशुधन की सुरक्षा और देखभाल केवल आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे सामाजिक कर्तव्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अस्पताल के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। चक्रधर गौशाला ट्रस्ट द्वारा शुरू की गई यह स्वास्थ्य सुविधा बीमार, असहाय और घायल पशुओं के त्वरित इलाज में मील का पत्थर साबित होगी।
श्री चौधरी ने ट्रस्ट के सदस्यों और गौ सेवकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के जनहित और जीव-दया से जुड़े प्रयास समाज में करुणा और समवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे निरंतर कदमों से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं और भी सुदृढ़ होंगी।
















