जब सलमान खान ने जैकी श्रॉफ से बना ली थी दूरी : वजह थी एक एक्ट्रेस!

मुंबई (एजेंसी)। फिल्म इंडस्ट्री में सलमान खान अपनी दोस्ती के लिए जाने जाते हैं, और एक्टर जैकी श्रॉफ (या ‘जग्गू दादा’) भी उनके करीबी दोस्तों में से एक रहे हैं। हालांकि, एक वक्त ऐसा भी था जब इन दोनों की दोस्ती में दरार आ गई थी और सलमान ने कई सालों तक जैकी श्रॉफ के साथ काम करना बंद कर दिया था।
90 के दशक का वो दौर
यह बात 90 के दशक की शुरुआत की है, जब जैकी श्रॉफ एक स्थापित सुपरस्टार थे और सलमान खान धीरे-धीरे स्टारडम की सीढ़ियां चढ़ रहे थे। इसी दौरान सलमान और एक्ट्रेस संगीता बिजलानी के अफेयर की खबरें भी सुर्खियों में थीं। सलमान और संगीता का रिश्ता काफी लंबा चला और दोनों के शादी की खबरें भी थीं, लेकिन अचानक यह रिश्ता टूट गया।
क्या थी अफवाह?
जब सलमान और संगीता रिश्ते में थे, तभी एक खबर ने उन्हें परेशान कर दिया। अफवाह यह फैली कि उनकी प्रेमिका संगीता बिजलानी उनके दोस्त जैकी श्रॉफ को डेट कर रही हैं।
‘इज़्ज़त’ फिल्म की शूटिंग
दरअसल, रिपोर्ट्स के अनुसार, 1991 में आई फिल्म ‘इज़्ज़त’ की शूटिंग के दौरान जैकी और संगीता के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और दोनों के रिलेशनशिप में आने की खबरें सामने आईं। कहा जाता है कि इस खबर से सलमान खान बहुत आहत हुए और उन्होंने जैकी से दूरी बना ली।
गलतफहमियां हुईं दूर
IMDb की जानकारी के अनुसार, कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर अन्ना सिंह ने कथित तौर पर सलमान को जैकी और संगीता के अफेयर के बारे में बताया था। इस अफवाह के कारण दोनों एक्टर्स के बीच इतनी दूरी आ गई कि सलमान ने लंबे समय तक जैकी के साथ किसी फिल्म में काम नहीं किया।
हालांकि, समय बीतने के साथ यह गलतफहमी दूर हुई और संगीता-जैकी को लेकर फैलाई गई बातें झूठ साबित हुईं। इसके बाद दोनों दोस्तों के रिश्ते फिर से ठीक हो गए।
‘बंधन’ से हुई वापसी
साल 1998 में आई फिल्म ‘बंधन’ से सलमान और जैकी श्रॉफ की जोड़ी बड़े पर्दे पर एक साथ लौटी। इस फिल्म में जैकी ने सलमान खान के जीजा जी का यादगार किरदार निभाया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।