मध्यप्रदेश

इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 का आगाज; खेल अकादमियों के लिए जमीन देगी सरकार : सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल (एजेंसी)। मध्यप्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में आयोजित ‘वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026’ के उद्घाटन समारोह में यह घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी खेल की अकादमी खोलने के लिए यदि जमीन की जरूरत पड़ती है, तो सरकार उसे उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

35 देशों के 150 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य टूर्नामेंट में लगभग 35 देशों के 150 से ज्यादा खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। महासंघ के 100 वर्ष पूरे होने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विदेशी मेहमानों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि मां अहिल्या की नगरी और मालवा की आर्थिक राजधानी इंदौर अपनी उत्कृष्ट मेहमाननवाजी के लिए जानी जाती है, और यहां खिलाड़ियों को हर संभव बेहतर सुविधा दी जाएगी।

तीन दिन में दो बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन

डॉ. यादव ने प्रदेश में बढ़ते खेल आयोजनों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि महज तीन दिनों के अंतराल में राज्य दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर रहा है। स्नूकर चैंपियनशिप के बाद आगामी 19 नवंबर को प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी टूर्नामेंट भी शुरू होने जा रहा है।

शिक्षा से जुड़ेंगे खेल, कोचों के सम्मान पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सभी खेलों को समान बढ़ावा मिल रहा है, जिसका परिणाम ओलंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों में भारत के बढ़ते पदकों के रूप में दिख रहा है। उन्होंने खेल प्रशिक्षकों (कोच) की भूमिका को अहम बताते हुए याद दिलाया कि पूर्व में शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने नियमों में बदलाव किए थे, जिससे प्रशिक्षकों को उच्च शैक्षणिक पदों और पदोन्नति का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त, नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेश में खेलों को एक विषय के रूप में पाठ्यक्रम से जोड़ा जा रहा है, ताकि छात्रों की प्रतिभा निखर सके।

पंकज आडवाणी के साथ टेबल पर आजमाया हाथ

चैंपियनशिप के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश के दिग्गज अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर क्यू स्टिक थामकर शॉट्स भी लगाए।

इस गरिमामय कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेन्दौला, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीत सेठी, पंकज आडवाणी, अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के जिम लेसी, बीएसएफआई (BSFI) के सुनील बजाज व बाला सुब्रमण्यम, मप्र बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के भोलू मेहता व अश्विन पुराणिक, यशवंत क्लब के विजय कस्तूरी व जीतू जैन, सुमित मिश्रा और मानसिंह यादव सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button