25 सालों का निष्ठापूर्ण नेतृत्व : पीएम मोदी के जनसेवा पर्व को विशाल सामाजिक अभियान बनाने में जुटे सांसद बृजमोहन

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को यादगार बनाने के लिए भाजपा एक बड़ा सामाजिक अभियान शुरू करने जा रही है। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। इसी रणनीति के तहत रायपुर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में लाखे नगर और भाठागांव मंडल की संयुक्त बैठक संपन्न हुई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने बताया कि पीएम मोदी का कार्यकाल राष्ट्र निर्माण और अंतिम व्यक्ति के कल्याण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस अभियान को मात्र औपचारिक आयोजन न समझकर एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया जाए, ताकि समाज के हर वर्ग तक इसका लाभ पहुंचे।
अभियान की प्रमुख गतिविधियां:
लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम: आयुष्मान भारत, पीएम आवास, उज्ज्वला और मुद्रा योजना जैसी केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।
बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां: प्रत्येक बूथ, वार्ड और शक्ति केंद्र के प्रभारियों को घर-घर जाकर 25 वर्षों की विकास यात्रा की जानकारी देने का काम सौंपा गया है।
जन-जागरण और सम्मेलन: मंडल स्तर पर विशेष सम्मेलन आयोजित कर आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जोड़ा जाएगा।
















