छत्तीसगढ़

खैरागढ़ के सलोनी गांव में बने नए पक्के मकान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने फीता काटकर बांटी खुशियां

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खैरागढ़ जिले के सलोनी गांव में दो गरीब परिवारों के अपने पक्के घर की चाहत पूरी हो गई है। राज्य की महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने योजना के लाभार्थी सुदामा और रमाबाई के नए बने मकानों का औपचारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने लाभार्थियों का मुंह मीठा कराया और उपहार सौंपकर नए घर की बधाई दी।

कच्चे मकान की तकलीफों से मुक्ति मिलने पर लाभार्थियों ने सरकार का आभार जताया। लाभार्थी रमाबाई ने बताया कि सरकारी मदद के साथ उन्होंने खुद से भी करीब 3 लाख रुपये जोड़कर इस मकान का निर्माण पूरा किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना ने उनके सालों पुराने सपने को सच कर दिखाया है।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजवाड़े ने लाभार्थियों से बातचीत कर अन्य योजनाओं के असर का भी जायजा लिया। महतारी वंदन योजना के बारे में पूछने पर रमाबाई ने बताया कि इससे मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल वे राशन और घर की छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने में करती हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सिर्फ चार दीवारें खड़ी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों को एक सुरक्षित जीवन, आत्म-सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद देती है। उन्होंने लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने के साथ स्वास्थ्य और परिवार का ध्यान रखने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button