छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का बड़ा आत्मसमर्पण : ₹1 करोड़ के इनामी रामदेर मज्जी ने 11 साथियों के साथ हथियार डाले

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। खैरागढ़ जिले में केंद्रीय कमेटी (CC) के सदस्य रामदेर मज्जी सहित कुल 12 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी ने बकर कट्टा पुलिस थाने में अपने हथियार सौंपकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में 6 महिला नक्सली भी शामिल हैं।
12 शीर्ष नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
(8 दिसंबर) सुबह खैरागढ़ जिले के बकर कट्टा थाना क्षेत्र के कुम्ही गांव में 12 नक्सलियों ने पुलिस के सामने समर्पण किया। इस समूह में ₹1 करोड़ का इनामी सीसी सदस्य रामदेर मज्जी भी शामिल है। समर्पण करने वाले अन्य सदस्य डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM), एरिया कमेटी मेंबर (ACM) और पामर (PM) स्तर के कैडर हैं। इन नक्सलियों में से कई पर पूर्व में हुई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल होने का आरोप है।
आत्मसमर्पण करने वाले मुख्य कैडरों और उनके पास से बरामद हथियारों का विवरण इस प्रकार है:
नक्सली का नाम,पदनाम,बरामद हथियार
रामदेर मज्जी,सीसीएम,एके-47
चंदू उसेंडी,डीवीसीएम,.30 कार्बन
ललिता,डीवीसीएम,कोई नहीं
जानकी,डीवीसीएम,इंसास
प्रेम,डीवीसीएम,एके-47
रामसिंह दादा,एसीएम,.303
सुकेश पोट्टम,एसीएम,एके-47
लक्ष्मी,पीएम,इंसास
शीला,पीएम,इंसास
सागर,पीएम,एसएलआर
कविता,पीएम,.303
योगिता,पीएम,कोई नहीं
एक करोड़ का इनाम और बड़ा झटका
सीसी मेंबर रामदेर मज्जी पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ₹1 करोड़ का इनाम घोषित था। उसे हिडमा के बाद राज्य का दूसरा सबसे बड़ा नक्सली नेता माना जाता था, जिसने अब हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि इन नक्सलियों ने अब हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है। इन्हें राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के सभी लाभ दिए जाएंगे। इस बड़े आत्मसमर्पण से सुरक्षाबलों का मनोबल बढ़ा है और इसे क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
एमएमसी जोन की समाप्ति की ओर
सीसी सदस्य रामदेर मज्जी के समर्पण को नक्सलियों के एमएमसी जोन (मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ का सीमावर्ती क्षेत्र) के लिए एक निर्णायक झटका माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि यह जोन अब लगभग समाप्त होने की कगार पर है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले ही एमएमसी जोन के प्रवक्ता अनंत ने भी अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया था।
















