छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप : 20 जिलों में अलर्ट, स्कूलों के समय में बदलाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में कंपकंपी और ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए 10 दिसंबर तक राज्य के 20 से अधिक जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी (अलर्ट) जारी की है।

आज इन जिलों में शीतलहर की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, आज 9 दिसंबर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा जिले में शीतलहर का जोर रहने की संभावना है।

10 दिसंबर तक शीतलहर से राहत नहीं

मौसम विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, 9 और 10 दिसंबर को प्रदेश के 20 से भी ज्यादा जिलों में भीषण ठंड का दौर जारी रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतें।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बदला स्कूलों का समय

ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) जे आर डहरिया ने स्कूलों के संचालन के समय में परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश जिले के सभी शासकीय (सरकारी) और निजी (प्राइवेट) स्कूलों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

समय सारणी में बदलाव:

दो पाली में संचालित स्कूल:

प्रथम पाली: सोमवार से शुक्रवार – सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक। शनिवार – दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक।

दूसरी पाली: सोमवार से शुक्रवार – दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक। शनिवार – सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक।

एक पाली में संचालित स्कूल:

सोमवार से शुक्रवार – सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक। शनिवार – सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button