पिता ने रिश्ते को किया कलंकित, नाबालिग बेटी को बनाया सालों तक हवस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ दो साल तक दुष्कर्म करने का घिनौना आरोप लगा है।
पीड़ित नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसका शराबी पिता जब भी उसे घर में अकेला देखता, तो उसके साथ जबरदस्ती करता और विरोध करने पर मारपीट भी करता था। आरोपी पिता उसे घटना का खुलासा करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था, जिसके कारण वह चुप रहने पर मजबूर थी। नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुआ इस घिनौनी वारदात का खुलासा?
यह दर्दनाक घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। 16 वर्षीय पीड़ित नाबालिग ने बताया कि उसकी मां दूसरे के घरों में काम करती है, जबकि उसका पिता कोई काम नहीं करता और अक्सर घर पर ही रहता है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में वह अपनी सहेलियों के साथ एक पार्क में घूमने गई थी और वहां फोटो खिंचवा रही थी। तभी उसके पिता ने उसे देख लिया। जब वह घर लौटी, तो उसके पिता ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
नाबालिग ने अपने पिता की इस हैवानियत का विरोध भी किया, लेकिन आरोपी उसे डरा-धमकाकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने उसे इस कृत्य की जानकारी किसी को भी देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी, जिससे दहशत में आकर नाबालिग ने डर के मारे अपना मुंह बंद रखा। इसके बाद, जब भी नाबालिग बेटी घर पर अकेली होती, तो आरोपी पिता उसके साथ यह घिनौना अपराध करता था।
शिकायत के बाद गिरफ्तारी
पीड़िता ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 को भी आरोपी पिता ने उसके साथ मारपीट की और जबरन दुष्कर्म किया।
शाम के वक्त पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद, पीड़िता ने बुधवार को महिला थाना पहुंचकर अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, महिला थाना प्रभारी और चक्रधर नगर थाना पुलिस तत्काल पीड़िता के घर पहुंची, जहां से आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
















