सर्दियों में हाथ-पैरों की सूजन और खुजली से राहत पाने के आसान घरेलू नुस्खे

हेल्थ न्युज (एजेंसी)। कड़ाके की ठंड में नंगे पैर फर्श पर चलने या सीधे ठंडी हवा के संपर्क में आने से उंगलियों में सूजन, लाली और असहनीय खुजली होने लगती है। कई बार लोग इसके लिए बिना डॉक्टरी सलाह के दवाएं लेते हैं, जिनके दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इसकी जगह आप अपनी रसोई में मौजूद इन प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
- नींबू के रस का प्रयोग
नींबू में सूजन रोधी गुण होते हैं। यदि उंगलियों में सूजन की वजह से जलन महसूस हो रही हो, तो प्रभावित हिस्से पर नींबू का रस लगाएं। इससे दर्द में तुरंत शीतलता और आराम मिलता है।
- सरसों तेल और सेंधा नमक की मालिश
यह पारंपरिक उपाय सूजन दूर करने में रामबाण माना जाता है।
विधि: 4 चम्मच सरसों के तेल में एक चम्मच सेंधा नमक डालकर हल्का गर्म करें।
रात को सोने से पहले इस तेल से उंगलियों की मालिश करें और मोजे पहन लें। सरसों के तेल की जगह आप जैतून के तेल (Olive Oil) का भी उपयोग कर सकते हैं।
- हल्दी और जैतून का तेल
हल्दी अपनी एंटी-बैक्टीरियल और हीलिंग गुणों के लिए जानी जाती है। आधा चम्मच हल्दी पाउडर में थोड़ा सा जैतून का तेल मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे सूजन वाली जगह पर लगाने से खुजली और दर्द में काफी तेजी से सुधार होता है।
- मटर के पानी का सेंक
मटर का पानी उंगलियों की सूजन को कम करने में बहुत सहायक है।
विधि: मुट्ठी भर मटर को पानी में अच्छी तरह उबाल लें।
जब पानी गुनगुना रह जाए, तो उसमें अपने हाथों या पैरों को कुछ देर डुबोकर रखें। दिन में दो बार ऐसा करने से सूजन कम हो जाएगी।
- प्याज का अर्क
प्याज में एंटी-सेप्टिक और एंटी-बायोटिक तत्व पाए जाते हैं। प्याज के रस को निकालकर सूजन वाले हिस्से पर लगाएं और थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। यह संक्रमण को रोकने और दर्द को कम करने में मदद करता है।
सावधानी: अगर सूजन के साथ घाव हो जाए या दर्द बहुत अधिक बढ़ जाए, तो घरेलू उपचार के साथ-साथ किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
















